हिमाचल में बारिश से 110 सड़कें बंद, 91 ट्रांसफार्मर ठप; 217 पेयजल योजनाएं प्रभावित


 शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश से जनजीवन लगातार प्रभावित हो रहा है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की 17 अगस्त सुबह 10 बजे की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 110 सड़कें बंद, 91 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित और 217 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।

मंडी में सबसे ज्यादा सड़कें बंद

बारिश से सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जिले में प्रभावित हुई हैं। यहां 39 सड़कें बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 33, चंबा में 12 और शिमला में 9 सड़कें बंद हैं। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में सड़कें बंद होने से आवाजाही प्रभावित हुई है।

बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित

बारिश के कारण प्रदेश में 91 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर बाधित हैं। मंडी में 28, शिमला में 22 और सिरमौर में 41 ट्रांसफार्मर प्रभावित बताए गए हैं। वहीं 217 पेयजल आपूर्ति योजनाओं पर भी बारिश का असर पड़ा है।

मानसून में 973 करोड़ रुपये से ज्यादा नुकसान

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार 30 जून से 16 अगस्त तक प्रदेश में मानसून के दौरान 97,315.76 लाख रुपये यानी करीब 973.16 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है। इसमें लोक निर्माण विभाग, बिजली, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों को हुआ नुकसान शामिल है।

79 लोगों की मौत, सड़क हादसों में 108 जानें गईं

16 अगस्त तक की संचयी मानसून रिपोर्ट के अनुसार प्राकृतिक आपदाओं से प्रदेश में 79 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इसके अलावा मानसून अवधि में सड़क हादसों में 108 लोगों की जान गई है।

प्रशासन के सामने बंद सड़कों को जल्द खोलने और बिजली-पानी की प्रभावित व्यवस्था को बहाल करने की चुनौती बनी हुई है। बारिश का दौर जारी रहने से आने वाले दिनों में हालात पर नजर रखी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

Welcome to SBR Groups. Please keep your comments respectful and relevant.

Loading Photos & Videos...