Breaking News

जयसिंहपुर कालेज में जल्द शुरू होंगे नए कोर्स

 


आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल और कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा है कि प्रदेश सरकार जयसिंहपुर महाविद्यालय को एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। शनिवार को कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए उन्होंने कालेज के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि बीसीए और पीजीडीसीए की कक्षाएं पहले ही सफलतापूर्वक शुरू की जा चुकी हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा का लाभ मिल रहा है। बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के उद्देश्य से उन्होंने अगले वार्षिक समारोह से पहले कालेज परिसर में एक भव्य कला मंच और बास्केटबॉल मैदान के निर्माण की भी घोषणा की।


संस्थान की सुरक्षा और सुंदरता का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कालेज को खड्ड के कटाव से बचाने के लिए 20 लाख की राशि व्यय की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कालेज भवन के रेनोवेशन और रंग-रोगन के लिए जल्द प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट के माध्यम से साल भर की गतिविधियों का ब्यौरा साझा किया। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बीसीसी के पूर्व अध्यक्ष जसवंत डढवाल, बीडीओ सिकंदर कुमार, कालेज के प्राध्यापकगण, छात्र व अभिभावक उपस्थित रहे।

जयसिंहपुर कालेज में जल्द शुरू होंगे नए कोर्स जयसिंहपुर कालेज में जल्द शुरू होंगे नए कोर्स Reviewed by SBR on March 15, 2026 Rating: 5

No comments:

Welcome TO SBR Group

Powered by Blogger.