Breaking News: HP Weather: प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम - 24Live Khabar



शिमला। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भारी बारिश हुई। भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है तो वहीं, किसानों और बागबानों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है। बारिश के चलते जहां किसानों की गेहूं की फसल खेतों में भीग गई है, तो वहीं ओलावृष्टि से बागबानों की सेब की फसल पर खतरा मंडरा गया है। कई किसानों की गेहूं की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है, जबकि बड़ी मात्रा में तूड़ी के ढेर भी खुले खेतों में पड़े हुए हैं। किसानों ने तूड़ी को बचाने के लिए उसे तिरपाल से ढक रखा था, लेकिन तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर तिरपाल उड़ गई, जिससे तूड़ी भीगने से खराब होने की संभावना बढ़ गई।

वहीं, बारिश के साथ आए तेज तूफान से जगह जगह पेड़ गिरने की भी खबरें सामने आई हैं। नाहन पांवटा नेशनल हाईवे पर बोहलियों के समीप तेज बारिश व तूफान से एक विशालकाए पेड़ नेशनल हाईवे 07 पर धराशाई हो गया, जिससे करीब आधे से पौन घंटे तक नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की मदद से गिरे पेड़ को सड़क से हटाया गया जिसके बाद पहले हल्के वाहनों के लिए उसके बाद बड़े वाहनों के लिए आवाजाही को सुचारु किया जा सका । गनीमत यह रही कि यह पेड़ किसी वाहन पर नहीं गिरा।

उधर, सोलन के कथेड क्षेत्र में 33 केवी मेन लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे आसपास के क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अचानक बिजली बंद होने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और लाइन बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया। विभागीय कर्मचारी खराबी दूर करने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही कुछ ही देर में बिजली सप्लाई दोबारा सुचारु कर दी जाएगी।

बता दें कि मौसम विभाग ने तीन, चार और पांच मई के लिए प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। खासकर मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में इसका अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री और अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। छह और सात मई को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है, जबकि आठ मई से मौसम साफ होने की संभावना है।

सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें तथा बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए खुले स्थानों पर न ठहरें। प्रदेश में बदलते मौसम के बीच यह चेतावनी और हादसा लोगों के लिए सतर्क रहने का बड़ा संकेत है।

Hindi News, Breaking News:, 24Live Khabar, Himachal News, India News, Latest News, Transport News, Business News
Breaking News: HP Weather: प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम - 24Live Khabar Breaking News: HP Weather: प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम - 24Live Khabar Reviewed by SBR on May 03, 2026 Rating: 5

No comments:

Welcome TO SBR Group

Powered by Blogger.