शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 18 से 23 अगस्त तक हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं 19 से 21 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 18 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 19 अगस्त को भारी बारिश, जबकि 20 और 21 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 22 और 23 अगस्त को बारिश की तीव्रता में कमी आने का अनुमान है।
IMD ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर समेत कई जिलों में अलग-अलग दिनों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, मलबा आने और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा बना रह सकता है।
वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 18 से 21 अगस्त तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की भी चेतावनी है।
मौसम विभाग ने लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। प्रदेश में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना भी बनी हुई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
Welcome to SBR Groups. Please keep your comments respectful and relevant.