सोलन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट 308 जोन-1 द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए न्यू बस स्टैंड में शिशु स्तनपान कक्ष की स्थापना की गई। ‘पिंक बूथ’ परियोजना के अंतर्गत बनाए गए इस कक्ष का उद्देश्य माताओं को सार्वजनिक स्थानों पर अपने शिशुओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में स्तनपान कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस परियोजना का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट 308 की चेयरमैन पूजा गोयल ने किया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को सम्मान और सुविधाएं प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। यह प्रोजेक्ट ज़ोनल काउंसलर एवं पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन संगीता त्रेहण तथा रेणु शर्मा, ज़ोनल क्लब कोऑर्डिनेटर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
इस कार्य में इनरव्हील क्लब सोलन मिडटाउन, सोलन क्लब, सोलन सिटी, शिमला क्लब, शिमला मिडटाउन, शिमला विकासनगर क्लब और ठियोग क्लब के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। इसके पश्चात इनरव्हील क्लब सोलन मिडटाउन द्वारा सोलन सिटी हाईट्स में महिला दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ज़ोन-1 के विभिन्न क्लबों की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कीं, जिनके माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके संघर्षों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया। इसके अलावा देश की प्रसिद्ध और प्रेरणादायक महिलाओं के जीवन से प्रेरित होकर प्रतिभागियों ने रैंप वॉक भी किया। कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस दौरान ज़ोनल काउंसलर संगीता त्रेहण ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पूजा गोयल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाएं समाज की सशक्त आधारशिला हैं और उनके सम्मान, अधिकारों तथा विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
Reviewed by SBR
on
March 09, 2026
Rating:

No comments:
Welcome TO SBR Group