राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर दाड़लाघाट कॉलेज में विविध गतिविधियां

 


राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में विविध गतिविधियां

राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में 12 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। भारत में पुस्तकालय विज्ञान के जनक पद्मश्री डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को यह दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की संस्कृति विकसित करना, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा पुस्तकालय के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। इस अवसर पर बुकमार्क निर्माण, पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में इशिता, पोस्टर निर्माण में सारिका तथा बुकमार्क निर्माण में नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन हीना शर्मा ने किया।



विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की पुस्तकों से परिचित करवाने और उनमें पढ़ने की रुचि विकसित करने के उद्देश्य से पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “One Person, One Book Donation” पहल रही, जिसके तहत महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने पुस्तकालय के लिए एक-एक पुस्तक दान की। इस पहल का उद्देश्य पुस्तकालय के संग्रह को समृद्ध करना और विद्यार्थियों को विविध विषयों की उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध करवाना रहा।

इस अवसर पर असिस्टेंट लाइब्रेरियन श्रीमती लता ने डॉ. एस. आर. रंगनाथन के पुस्तकालय एवं पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करने और पुस्तकों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।



महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुस्तकें ज्ञान, चिंतन और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने और पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पठन, ज्ञान-साझाकरण और पुस्तकालय के सदुपयोग का संदेश दिया गया। महाविद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों ने पठन संस्कृति को बढ़ावा देने तथा पुस्तकालय को ज्ञान के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



#राष्ट्रीयपुस्तकालयाध्यक्षदिवस #LibraryDay #Darlaghat #DarlaghatCollege #राजकीयमहाविद्यालयदाड़लाघाट #SolanNews #HimachalNews #EducationNews #CollegeNews #BookDonation #ReadingCulture #Library #SRRanganathan #HimachalPradesh #SBRGroups