विदेश मंत्री एस. जयशंकर की रूस यात्रा आज से।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 23 और 24 अगस्त 2026 को रूस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान जयशंकर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (IRIGC-TEC) के 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे।
बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग की समीक्षा और आगे की संभावनाओं पर चर्चा होगी। जयशंकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
भारत और रूस के बीच लंबे समय से रणनीतिक साझेदारी रही है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं बहु-क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।