हिमाचल में मानसून का कहर: 47 दिनों में 183 मौतें, नुकसान ₹972 करोड़ के पार
शिमला, 16 अगस्त 2026: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन बारिश और प्राकृतिक आपदाओं ने भारी तबाही मचाई है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 30 जून से 15 अगस्त तक प्रदेश में 183 लोगों की मौत हुई है, जबकि कुल आर्थिक नुकसान ₹972.64 करोड़ तक पहुंच गया है।
इन 183 मौतों में 79 मौतें बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ी घटनाओं में हुईं, जबकि 104 लोगों की जान सड़क हादसों में गई। प्राकृतिक आपदाओं में भूस्खलन, ऊंची चट्टानों या पेड़ों से गिरना, डूबना, करंट लगना और अन्य मौसम संबंधी घटनाएं शामिल हैं।
मानसून की घटनाओं में अब तक 291 लोग घायल हुए हैं और 31 लोग लापता बताए गए हैं। इसके अलावा 732 से अधिक पशुओं और 225 पोल्ट्री पक्षियों के मारे जाने की भी जानकारी सामने आई है।
मंडी सबसे ज्यादा प्रभावित
बारिश और आपदा का सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में दिखाई दे रहा है। 15 अगस्त शाम तक प्रदेश में 103 सड़कें बंद थीं, जिनमें अकेले मंडी की 43 और कुल्लू की 32 सड़कें शामिल थीं।
पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। राज्य में 221 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हैं और इनमें से 209 मंडी जिले में हैं। बिजली व्यवस्था में भी कई ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं।
PWD को सबसे ज्यादा नुकसान
आधिकारिक नुकसान के आंकड़ों में लोक निर्माण विभाग सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। PWD को करीब ₹733.95 करोड़, जबकि जल शक्ति विभाग को करीब ₹216.41 करोड़ का नुकसान दर्ज किया गया है। बिजली ढांचे को भी करोड़ों रुपये की क्षति पहुंची है।
सरकार के अनुसार प्रभावित परिवारों के लिए अब तक ₹5.92 करोड़ की राहत राशि मंजूर की जा चुकी है। प्रशासन और आपदा राहत टीमें बंद सड़कों को खोलने तथा बिजली-पानी की व्यवस्था बहाल करने में जुटी हैं।
SBR News की नजर
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़क हादसों का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।
#HimachalPradesh #HimachalNews #HimachalWeather #Monsoon #RainAlert #Mandi #Landslide #Flood #DisasterManagement #SBRNews

कोई टिप्पणी नहीं:
Welcome to SBR Groups. Please keep your comments respectful and relevant.