ALERTS
Loading latest news...

Darlaghat News: राजकीय महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टी ‘ले नोव्यू’ का आयोजन, दीपिका बनीं मिस फ्रेशर

 




सोलन। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में मंगलवार को प्रथम वर्ष के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी ‘ले नोव्यू’ का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पंजाबी नृत्य, बॉलीवुड नृत्य और बॉलीवुड समूह गीत सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गईं, जिनका विद्यार्थियों ने खूब आनंद लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन इशिता, तनिषा और हीना ने प्रभावशाली ढंग से किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर प्रतियोगिता रही। बीए प्रथम वर्ष की दीपिका को मिस फ्रेशर और बीकॉम प्रथम वर्ष के सूजल ठाकुर को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इसके अलावा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को बेस्ट अटायर, मिस्टर ऑलराउंडर सहित विभिन्न आकर्षक टाइटल भी प्रदान किए गए।

प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने मिस फ्रेशर को क्राउन तथा मिस्टर फ्रेशर को ब्रोच पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

अपने संबोधन में प्राचार्या ने विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह का समापन हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। फ्रेशर पार्टी नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गई।



#DarlaghatNews #SolanNews #Darlaghat #RajkiyaMahavidyalayaDarlaghat #FresherParty #LeNouveau #MissFresher #MisterFresher #HimachalNews #CollegeNews