कैबिनेट की बड़ी मंजूरी: ₹13,041 करोड़ की रेल और सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कुल ₹13,041 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में चार रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं और एक हाईवे परियोजना को स्वीकृति दी गई।
रेलवे की चार परियोजनाओं के तहत पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के आठ जिलों में करीब 410 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इनमें खड़गपुर-भद्रक चौथी लाइन, भद्रक-हरिदासपुर चौथी लाइन, गुम्मिडिपुंडी-गुडूर तीसरी एवं चौथी लाइन तथा कटक-पारादीप तीसरी एवं चौथी लाइन शामिल हैं। इन रेलवे परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब ₹9,450 करोड़ है और इन्हें 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा बिहार में मुजफ्फरपुर-सितामढ़ी-सोनबरसा NH-22 सेक्शन को फोर-लेन मानक में अपग्रेड करने की मंजूरी दी गई है। करीब 82.57 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर ₹3,590 करोड़ से अधिक की पूंजीगत लागत आएगी। परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत विकसित किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से परिवहन क्षमता बढ़ने, कनेक्टिविटी मजबूत होने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
कोई टिप्पणी नहीं:
Welcome to SBR Groups. Please keep your comments respectful and relevant.