संगड़ाह कालेज का लिंक रोड अतिक्रमण और निचली तरफ की गई खुदाई के कारण बंद होने के कगार पर पहुंच गया है। इस समस्या से नाराज छात्रों ने सोमवार को कालेज परिसर से मिनी सचिवालय संगड़ाह होते हुए मुख्य बाजार तक जोरदार रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। केंद्रीय छात्र परिषद अध्यक्ष शुभम व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से सडक़ के किनारे लगातार खुदाई और अवैध अतिक्रमण हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि बड़ी गाडिय़ों की बात तो दूर एंबुलेंस जैसे छोटे वाहन भी मुश्किल से निकल पा रहे हैं। छात्रों ने कहा कि यदि आपातकालीन स्थिति में किसी छात्र या कर्मचारी को अस्पताल ले जाना पड़े तो गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
छात्र नेताओं ने संबंधित विभाग, स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सडक़ किनारे डंगे या रिटेनिंग वॉल लगाकर मार्ग को सुरक्षित और बहाल नहीं किया गया तो सभी छात्र संगठन मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। महाविद्यालय प्रशासन ने भी मामले को गंभीर बताया है। प्राचार्य डा. मीनू भास्कर ने जानकारी दी कि वर्ष 2006 में स्थापित कालेज की लगभग साढ़े 32 बीघा भूमि में से 10 बीघा से अधिक भूमि पर प्रभावशाली लोगों द्वारा भवन निर्माण के लिए अवैध कब्जे किए गए हैं। इस संबंध में एसडीएम व तहसीलदार संगड़ाह सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी जा चुकी है। छात्रों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर कालेज रोड को अतिक्रमण मुक्त करवाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Reviewed by SBR
on
March 03, 2026
Rating:






No comments:
Welcome TO SBR Group