ALERTS
Loading latest news...

Solan News: केंद्रीय राज्य पुस्तकालय को मिलेगा नया डिजिटल स्वरूप





सोलन। केंद्रीय राज्य पुस्तकालय सोलन को आधुनिक, मॉड्यूलर और डिजिटल स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। पुस्तकालय के बुनियादी ढांचे के विकास और तकनीकी उन्नयन के लिए करीब 2.23 करोड़ रुपये की अनुदान राशि मिली है।

उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को केंद्रीय राज्य पुस्तकालय सोलन में एडवोकेसी एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों और पुस्तकालय कर्मियों को नई तकनीक से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में नागपुर विश्वविद्यालय की प्रो. शालिनी लहितकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा राष्ट्रीय पुस्तकालय मिशन के वित्तीय सलाहकार दीपांजन चटर्जी और उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओएसडी डॉ. रेणु राणा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

करीब 200 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान हिंदी और अंग्रेजी की विभिन्न विषयों की पुस्तकों, संदर्भ पुस्तकों तथा बाल साहित्य की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने पुस्तक संग्रह में विशेष रुचि दिखाई।

अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय पुस्तकालय मिशन के तहत केंद्रीय राज्य पुस्तकालय सोलन को बुनियादी ढांचे के विकास और तकनीकी उन्नयन के लिए करीब 2.23 करोड़ रुपये की मिलान अनुदान राशि प्राप्त हुई है। इसमें हिमाचल सरकार और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय का योगदान 25:75 के अनुपात में है।

डिजिटल सुविधाओं से जुड़ेगा पुस्तकालय

प्रो. शालिनी लहितकर ने कहा कि डिजिटल युग में आधुनिक तकनीक और उपयोगकर्ता-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से पुस्तकालयों को विद्यार्थियों और समाज से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सकता है।

वहीं, दीपांजन चटर्जी ने केंद्रीय राज्य पुस्तकालय के आधुनिकीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। नए स्वरूप के बाद पुस्तकालय में विद्यार्थियों और पाठकों को आधुनिक अध्ययन एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।


#SolanNews #Solan #HimachalNews #LibraryNews #EducationNews #HimachalPradesh #DigitalLibrary