ALERTS
Loading latest news...

एस. जयशंकर आज मॉस्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 27वीं बैठक की करेंगे सह-अध्यक्षता

 




एस. जयशंकर आज मॉस्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 27वीं बैठक की करेंगे सह-अध्यक्षता

नई दिल्ली/मॉस्को: विदेश मंत्री एस. जयशंकर आज मॉस्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (IRIGC-TEC) की 27वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। उनके साथ रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

यह आयोग दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक सहयोग, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा और आगे की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।

जयशंकर अपनी दो दिवसीय रूस यात्रा के तहत रविवार को मॉस्को पहुंचे। यात्रा के दौरान वह रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी लंबे समय से चली आ रही है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक, सुरक्षा, रक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के लिए विभिन्न संस्थागत संवाद तंत्र मौजूद हैं।

जयशंकर की मॉस्को यात्रा को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब भारत-रूस संबंधों में व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।