महिला टी-20 एशिया कप: आज थाईलैंड से भिड़ेगा भारत, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में अभियान की शुरुआत
दुबई। महिला टी-20 एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।
हरमनप्रीत कौर भारतीय टीम की कप्तान हैं, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
इस बार महिला टी-20 एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत को ग्रुप-ए में थाईलैंड, पाकिस्तान और हांगकांग चीन के साथ रखा गया है।
भारत के ग्रुप चरण के अगले मुकाबले 3 सितंबर को हांगकांग चीन और 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होंगे। ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
भारत इस प्रतियोगिता के इतिहास की सबसे सफल टीमों में शामिल है और अब टीम की नजर एक बार फिर एशिया कप खिताब पर है। थाईलैंड ने टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मुकाबले में हांगकांग चीन को हराकर जीत के साथ शुरुआत की है।