ताशकंद में आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेफ की द्विपक्षीय वार्ता, व्यापार से डिजिटल सहयोग तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा
ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में राष्ट्रपति शफकत मिर्जियोयेफ के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति भवन में होने वाली इस बैठक में दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
बैठक के दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, लोगों के बीच संपर्क और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। दोनों नेता द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए नए अवसरों पर भी विचार करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय यात्रा पर ताशकंद पहुंचे। हवाई अड्डे पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शफकत मिर्जियोयेफ ने उनका स्वागत किया।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद स्थित यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में पुष्पांजलि अर्पित की और उज्बेकिस्तान के समृद्ध इतिहास, विरासत तथा राष्ट्रीय भावना को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद भारतीय और उज्बेक समुदाय ने प्रधानमंत्री का पारंपरिक अंदाज में गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में भारतीय कलाकारों ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि उज्बेकी कलाकारों ने भारतीय गीतों पर नृत्य किया। दोनों देशों के कलाकारों ने संगीत प्रस्तुतियों के जरिए भारत और उज्बेकिस्तान के सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी पेश की।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और मध्य एशिया के बीच रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।