ALERTS
Loading latest news...

Hamirpur News: एचपीटीयू में एबीवीपी की भूख हड़ताल छठे दिन भी जारी, मांगें पूरी होने तक आंदोलन

 



हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) में छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से शुरू की गई भूख हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही। एबीवीपी तकनीकी विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक विद्यार्थियों की जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

एबीवीपी की प्रमुख मांगों में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति करना और विश्वविद्यालय को सेल्फ फाइनेंस व्यवस्था से बाहर निकालकर सरकार की ओर से उचित वित्तीय सहयोग उपलब्ध करवाना शामिल है।

सरकार से तत्काल समाधान की मांग

एबीवीपी हमीरपुर के विभाग संयोजक भवानी ठाकुर ने प्रदेश सरकार से छात्रों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़ी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।

परिषद कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा।