![]() |
भारत और स्पेन के बीच UPI-Bizum डिजिटल पेमेंट लिंक पर बातचीत होगी तेज |
भारत और स्पेन ने भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और स्पेन के Bizum डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म के बीच इंटरऑपरेबिलिटी (आपसी कनेक्टिविटी) को आगे बढ़ाने के लिए तकनीकी स्तर पर बातचीत तेज करने पर सहमति जताई है।
यह मुद्दा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की 13 से 18 जुलाई तक यूरोप के चार देशों के दौरे के दौरान स्पेन यात्रा में प्रमुखता से उठा। इस दौरान उन्होंने स्पेन के प्रथम उप-प्रधानमंत्री एवं अर्थव्यवस्था, व्यापार और व्यवसाय मंत्री कार्लोस कुएर्पो काबायेरो तथा उद्योग एवं पर्यटन मंत्री जॉर्डी हेरेउ बोहेर से मुलाकात की।
बैठक में दोनों देशों ने व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए हर वर्ष भारत-स्पेन संयुक्त आयोग (Joint Commission) की बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें उद्योग जगत की भागीदारी भी होगी। वहीं, स्पेन ने द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित ‘इंडिया टीम’ बनाने का सुझाव दिया।
दोनों देशों ने ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, वस्त्र, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग की बड़ी संभावनाओं पर भी चर्चा की। इसके अलावा निवेश, पेशेवरों की आवाजाही और लैटिन अमेरिका में संयुक्त निवेश जैसे विषयों पर भी सहमति बनी।
पीयूष गोयल ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत चल रहे C-295 विमान कार्यक्रम की प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप और सामाजिक सुरक्षा समझौते में हुई प्रगति की भी सराहना की।
भारत-स्पेन बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए गोयल ने उद्योग जगत से भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए जल्द साझेदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने अगले दस वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और पर्यटन को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा।
ब्रसेल्स में गोयल ने भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (TTC) की तीसरी मंत्रिस्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता भी की। इस दौरान 2026-27 TTC कार्ययोजना को अपनाने का स्वागत किया गया। साथ ही 21 अतिरिक्त भारतीय मत्स्य प्रसंस्करण इकाइयों को मंजूरी मिलने से यूरोपीय संघ में स्वीकृत भारतीय इकाइयों की संख्या बढ़कर 625 हो गई।
भारत ने बैठक में भारतीय शिप रीसाइक्लिंग यार्ड को सूचीबद्ध करने और कौशल, शिक्षा एवं प्रतिभा की आवाजाही पर भारत-ईयू संवाद शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा। दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
फिनलैंड दौरे के दौरान पीयूष गोयल ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री रीक्का पुर्रा और आर्थिक मामलों के मंत्री सकारी पुइस्तो से मुलाकात की। बातचीत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), 6G, क्वांटम तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा, सर्कुलर इकोनॉमी, उन्नत विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
Reviewed by SBR
on
7/20/2026 02:46:00 PM
Rating:






No comments:
Welcome TO SBR Group
Note: Only a member of this blog may post a comment.