HRTC: पहली से बिना हिम बस कार्ड नहीं मिलेगी फ्री यात्रा

 


राज्य के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को एचआरटीसी बसों में मिलने वाली मुफ्त यात्रा सुविधा अब हिम बस कार्ड से जोड़ दी गई है। 1 जून 2026 से बिना हिम बस कार्ड या पास के छात्रों को एचआरटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि कार्ड बनाने की अंतिम तिथि 31 मई तय की गई है, लेकिन अब तक प्रदेशभर में केवल 12,502 विद्यार्थियों ने ही हिम बस कार्ड बनवाए हैं।


प्रदेश के सरकारी स्कूलों में करीब 7 लाख से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। पहले पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को सामान्य बस पास पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब निगम प्रबंधन ने इस व्यवस्था को हिम बस कार्ड में बदल दिया है। ऐसे में अब मुफ्त बस यात्रा के लिए हिम बस कार्ड जरूरी होगा। जानकारी के अनुसार, जिन विद्यार्थियों के घर स्कूल से अधिक दूरी पर हैं, वही अधिकतर बस पास बनवाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और तकनीकी दिक्कतों के कारण बड़ी संख्या में छात्र अब तक आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं कर पाए हैं। इधर, कई जिलों के सरकारी स्कूल एचआरटीसी की वेबसाइट पर अपडेट नहीं होने से भी विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मंडी, हमीरपुर समेत कई क्षेत्रों के स्कूल पोर्टल पर नहीं दिख रहे हैं, जिसके कारण छात्र हिम बस कार्ड नहीं बना पा रहे हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि संबंधित स्कूलों और जिला कार्यालयों से जानकारी मिलने के बाद स्कूलों को वेबसाइट पर लगातार अपडेट किया जा रहा है।


अंतिम तिथि बढ़ाने पर निर्णय नहीं

एचआरटीसी प्रबंधन ने फिलहाल हिम बस कार्ड बनाने की अंतिम तिथि बढ़ाने का कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि 1 जून के बाद भी कार्ड बनाए जाएंगे, लेकिन जब तक विद्यार्थियों का कार्ड नहीं बनेगा, तब तक उन्हें बस किराया देना पड़ेगा।

HRTC: पहली से बिना हिम बस कार्ड नहीं मिलेगी फ्री यात्रा HRTC: पहली से बिना हिम बस कार्ड नहीं मिलेगी फ्री यात्रा Reviewed by SBR on May 29, 2026 Rating: 5

No comments:

Welcome TO SBR Group

Powered by Blogger.