शहरी विकास को केंद्र से मांगी विशेष सहायता, नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री खट्टर से मिले विक्रमादित्य सिंह
विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत, आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी परियोजनाओं के लिए विशेष केंद्रीय सहायता की मांग उठाई। संसद भवन में हुई इस बैठक में राज्य की शहरी विकास प्राथमिकताओं और महत्त्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पर्वतीय भौगोलिक स्थिति, नाजुक पर्यावरणीय संतुलन और बिखरी हुई आबादी के कारण यहां सडक़ों, जलापूर्ति, सीवरेज और अन्य नागरिक सुविधाओं का निर्माण मैदानी राज्यों की तुलना में अधिक महंगा और चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिलने वाले अधिकांश फंड जनसंख्या और क्षेत्रफल जैसे मानकों पर आधारित होते हैं, जो पहाड़ी राज्यों की वास्तविक जरूरतों को पूरी तरह नहीं दर्शाते।
बैठक में उन्होंने अमृत 2.0 और स्वच्छ भारत मिशन (अर्बन ) के तहत हिमाचल के लिए केंद्रीय आवंटन बढ़ाने की मांग भी रखी। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण पीडब्लयूडी परियोजनाओं के लिए विशेष केंद्रीय सहायता का अनुरोध किया, जिससे शहरों तक पहुंच बेहतर होगी। इसके साथ ही उन्होंने जठिया देवी परियोजना और हिम-चंडीगढ़ कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट जैसी योजनाओं के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा।
केंद्रीय मंत्री का आश्वासन
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हिमाचल सरकार द्वारा उठाए गए मुद्दों को सकारात्मकता के साथ सुना और आश्वासन दिया कि पहाड़ी राज्यों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर उचित विचार किया जाएगा। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल के सभी शहरों में बेहतर सडक़ संपर्क, भरोसेमंद बुनियादी सुविधाएं और आधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Reviewed by SBR
on
March 13, 2026
Rating:

No comments:
Welcome TO SBR Group