पीएम मोदी ने 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया, युवाओं से किया नशा छोड़ने का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को भारत की 'अमृत पीढ़ी' बताते हुए कहा कि देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में उनकी ऊर्जा, नवाचार, प्रतिभा और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि यदि युवा स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशे जैसी बुरी आदतों से मुक्त होंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
प्रधानमंत्री ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल नशा छोड़ने का अभियान नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 100 सप्ताह की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को देशभर में कला, संस्कृति, खेल, योग और ध्यान जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को अभियान से जोड़ा जा सके और उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नशा मुक्त भारत के इस अभियान को जन आंदोलन बनाए।

No comments:
Welcome to SBR Groups. Please keep your comments respectful and relevant.